देहरादून 28 अप्रैल: एक महिला ने अपने पति के साथ सास-ससुर और ननद के खिलाफ रायपुर थाने में दहेज उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि वो देहरादून की निवासी है। उसकी शादी फरवरी साल 2022 में मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुई थी। उसका पति आर्मी में मेजर है। महिला का आरोप है कि शादी से पहले और बाद में भी लगातार उसके मायके वालों पर दहेज का दबाव बनाया जा रहा है।
आरोप है कि मनमर्जी का दहेज नहीं मिलने पर उसका मानसिक सहित उसका आर्थिक शोषण भी किया जा रहा है। पीड़िता का आरोप है कि शादी से पहले भी पूजा में चांदी का सामान लेने के लिए उसके मायके वाले से करीब 2.50 लाख और साड़ियों के नाम पर 1.80 लाख रुपए की मांग की गई थी।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि उसके पिता ने शादी में करीब 50 लाख रुपए खर्च किए थे। इतना ही पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुराल वालों ने उसे और मायके वालों को शादी से पहले गुमराह भी किया है। क्योंकि उसके मेजर पति के खिलाफ शादी के पहले से ही एक मामला कोर्ट में लंबित था। इतना ही नहीं उसका मेजर पति थैलेसीमिया बीमारी से ग्रसित है,जिसकी जानकारी विवाह से पहले छुपाई गई थी।
थाना रायपुर प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति, उनके माता-पिता और बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।