मध्य प्रदेश के यात्रियों से भरी बस डामटा में हो गई दुर्घटना ग्रस्त
दुर्घटना में 25 की मौत व 3 घायल

उत्तरकाशी, 6 जून : प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के रिखाऊखड्ड डामटा के समीप बस दुर्घटना स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। मुख्यमंत्री धामी एवं मध्यप्रदेश के सीएम चौहान ने बस दुर्घटना में मृतक रामसजी एवं बांके बिहारी के रिश्तेदार कृष्ण बिहारी द्विवेदी से बातचीत की तथा वाहन दुर्घटना में मृतक सभी श्रद्धालुओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक अन्य बस में सवार मध्यप्रदेश के तीर्थ यात्रियों से भी बातचीत की।
  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। कल घटना की सूचना मिलते ही हम लगातार उत्तराखंड सरकार के सम्पर्क में थे। जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री जी के निर्देशन में राहत और बचाव  कार्य तत्काल प्रारम्भ  किए। रेस्क्यू ऑपरेशन में जितनी जल्दी हो सकता था सभी ने तेजी से काम किया। जिला प्रशासन और स्थानीय निवासियों द्वारा  रात में ही पार्थिव शरीर को गहरी खाई से निकाला। पोस्टमार्टम व पंचनामा की कार्यवाही तेजी से की गई। यात्रियों के पार्थिव शरीर को जौलीग्रांट देहरादून भेजा गया है। यात्रियों के पार्थिव शरीर को सेना के हेलीकॉप्टर के माध्यम से खजुराहो (मध्यप्रदेश) पहुंचाया जाएगा। जहां से उनके पार्थिव शरीर को उनके घर भेजा जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हृदयविदारक बस दुर्घटना के मजिस्ट्रियल जाँच के आदेश दिए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा करने आ रहें तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं सुगम व सुदृढ़ यात्रा को लेकर लगातार रजिस्ट्रेशन कि व्यवस्था कर रहे है उसके बावजूद यह घटना हुई जो बेहद दुःखद है इस घटना का संज्ञान  प्रधानमंत्री  ने भी स्वयं व्यक्तिगत रूप से लिया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री लगातार पहले दूरभाष पर घटना की जानकारी लेते रहें और उसके बाद  घटनास्थल पहुंचे है।

 जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस द्वारा तेजी से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। तीर्थ यात्रियों के पार्थिव शरीर को खाई से निकाला। राज्य सरकार की यही कोशिश  है की उनके पार्थिव शरीर जल्द उनके घरों को पहुंच जाएं। तीर्थ यात्रियों के पार्थिव शरीर को डामटा से सड़क के माध्यम से जॉली ग्रांट एयरपोर्ट के लिए भेजा गया है। प्रधानमंत्री राहत कोष और मध्य प्रदेश सरकार ने मृतक के परिजनों एवं घायलों को मुआवजा राशि देने का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री राहत कोष से  मृतक परिजनों को 2 लाख एवं घायलों को 50 हजार एवं मध्यप्रदेश की सरकार मृतक के परिजनों को 5 लाख एवं  घायलों को 50 हजार की राशि देगी। उत्तराखंड सरकार भी मृतक के परिजनों को 1 लाख एवं घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा राशि देगी।
  इस दौरान गढ़वाल कमिश्नर सुशील कुमार, डीआईजी पुलिस करन सिंह नगन्याल, डीएम उत्तरकाशी अभिषेक रुहेला, डीएम टिहरी इवा आशीष श्रीवास्तव, एसपी अपर्ण यदुवंशी, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलाध्यक्ष भाजपा रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी भाजपा मनबीर सिंह चौहान, एसडीएम चतर सिंह चौहान, शालिनी नेगी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

मृतकों के नाम

  • अनिल कुंवर पुत्र जागेश्वर प्रसाद (उम्र 50 वर्ष), निवासी- सिमरिया, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • मेनका कटेहा पत्नी लूले (उम्र 56 वर्ष), निवासी- मोहंद्रा, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • रामकुवर (उम्र 58 वर्ष), निवासी- सांठ एसपी सिमरिया, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • उमा देवी पत्नी दिनेश कुमार द्विवेदी (उम्र 59 वर्ष), निवासी- सिमरिया, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश। अवधेश पांडे (उम्र 62 वर्ष)पुत्र पवाई , निवासी- सिमरिया, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • राजकुमार (उम्र 58 वर्ष), निवासी- सिमरिया, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • रूप नारायण (उम्र 62 वर्ष), निवासी- सिमरिया, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • गीताबाई (उम्र 64 वर्ष) पत्नी राज जी राम , निवासी- सिमरिया, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • राजकुमार (उम्र 39 वर्ष) पुत्र मरुराम, निवासी- कक गुनोट, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • शीला बाई (उम्र 60 वर्ष) पत्नी राम भरोसे निवासी- अमानगंज, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • जनक कुंवर (उम्र 50 वर्ष) पुत्र मानसिंह, निवासी- छतरपुर, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • जागेश्वर (उम्र 7 वर्ष), निवासी- सिमरिया, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • बांके बिहारी (उम्र 70 वर्ष), निवासी- मोहंद्रा, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • रामसजी (उम्र 54 वर्ष)पत्नी बांके बिहारी , निवासी- मोहंद्रा, जिला पन्ना,मध्यप्रदेश।
  • सोमत रानी (उम्र 60 वर्ष) पत्नी गजराज सिंह, निवासी- सिमरिया, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • सरन सिंह (उम्र 50 वर्ष) पुत्र चंदन सिंह, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • बद्री शर्मा (उम्र 64 वर्ष), निवासी- मोहंद्रा, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • चंद्र काली (उम्र 50 वर्ष) पत्नी बद्री प्रसाद , निवासी- मोहंद्रा, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • सरोजी बाई (उम्र 50 वर्ष) निवासी- मोहंद्रा, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • करन सिंह (उम्र 60 वर्ष), निवासी- सिमरिया, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • हरिनारायण दुबे (उम्र 61 वर्ष) निवासी- सिमरिया, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • शंकुतला (उम्र 58 वर्ष) पत्नी अवधेश , निवासी- पवई, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • राम भरोसे (उम्र 60 वर्ष), निवासी- एसपी सुनवानी, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • दिनेश कुमार (उम्र 60 वर्ष), निवासी- एसपी सुनवानी, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • राजाराम (उम्र 65 वर्ष), पुत्र बुद्धि सिंह, निवासी- सिमरिया, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
  • विक्रम बोरा (उम्र 29 वर्ष) पुत्र केसर सिंह बोरा , निवासी- अल्मोड़ा, उत्तराखंड।

घायलों के नाम

उदय सिंह (उम्र 63 वर्ष) पुत्र श्याम सिंह , निवासी- सिमरिया, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
हीरा सिंह (उम्र 45 वर्ष) पुत्र धर्म सिंह , निवासी- पिथौरागढ़, उत्तराखंड
हाथी राजा (उम्र 60 वर्ष) पत्नी उदय सिंह, निवासी- सिमरिया, जिला पन्ना, मध्यप्रदेश।
राजकुमार (उम्र 58 वर्ष) पुत्र नकलूम

मृतकों के प्रति कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष ने शोक व्यक्त किया

देहरादून, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा तथा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने जनपद उत्तरकाशी के यमुनोत्री हाइवे पर हुए हृदय विदारक सड़क हादसे पर गहरा दुःख जताया है। कांग्रेस नेताओं ने सड़क हादसे में मारे गये लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। उन्होंनें कहा कि इस हृदय विदारक दुर्घटना से कई लोग असमय काल कल्वित हो गये हैं उनके परिजनों के लिए यह असहनीय दुःख है हम उनके दुःख को बांट तो नहीं सकते परन्तु इस दुःख की घडी में उनके साथ हैं।    

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महरा एवं नेता प्रतिपक्ष आर्य ने इस प्रकार की सड़क दुर्घटनाओं को पहाड़ी मार्गों के लिए अभिशाप बताते हुए कहा कि पहाड़ों में होने वाले ऐसे हृदय विदारक हादसों को रोकने के उपाय होने चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में यात्रा सीजन चल रहा है तथा इस समय सुरक्षा के कडे इंजजामात होने चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर धामी तथा मध्य प्रदेश सरकार से सड़क हादसे के मृतकों के परिजनों को उचित मुआबजा दिये जाने की मांग करते हुए घायलों के समुचित उपचार के इन्तजाम किये जाने की भी मांग की है। उन्होंने मृतकों की आत्म शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हुए कहा कि इस दुःख की घडी में पूरा कांग्रेस परिवार सड़क हादसे मे मारे गये लोगों के परिजनों के साथ है, हम सभी कांग्रेसजनों की प्रार्थना है कि ईश्वर मृतकों की आत्मा को शान्ति प्रदान करें तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति देवें।