संतों में भाजपा की जीत पर खुशी मनाते हुए।
हरिद्वार, श्री दक्षिण काली पीठाधीश्वर म.म.स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति की और अग्रसर है। हमें आशा है कि आने वाले अगले पांच सालों में भारत एक मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में उभर कर सशक्त राष्ट्र बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को विश्व गुरू बनाने में अपना योगदान देते चले आ रहे हैं। विदेशों में भारत की लोकप्रियता लगातार बढ़ी हुई है। दुश्मन देशों को मूंहतोड़ जवाब देने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जितनी भी प्रशंसा की जाए उतनी कम है।
 उन्होंने कहा कि संतों के आशीर्वाद से ही भाजपा को देश भर में प्रचण्ड बहुमत मिला है। आतंकवाद पर करारा प्रहार मोदी सरकार द्वारा किया गया। जिसके फलस्वरूप देश की जनता ने उन्हें सत्ता की चाबी प्रचण्ड बहुमत से सौंपी है। लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचण्ड जीत पर संत समाज ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे हिंदुत्व की जीत करार दिया है। संतों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर भाजपा की जीत की बधाई दी। भूपतवाला स्थित हरिहर धाम में एकत्र हुए संतों ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में दोबारा भाजपा की सरकार बनने के बाद राममंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा। म.म.स्वामी हरिचेतनानंद, महंत जगदीशदास व महंत कमलदास ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ही आतंकवाद को करारा जवाब दे सकते हैं। देश आर्थिक रूप से प्रगति की और अग्रसर हो रहा है। समान रूप से लोगों का विकास किया जा रहा है। देश महाशक्ति की और बढ़ रहा है। देश की सीमाएं मोदी सरकार के नेतृत्व में सुरक्षित हैं। उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब राममंदिर निर्माण में भी अपनी निर्णायक भूमिका निभाते हुए मंदिर निर्माण में आ रही अड़चनों को दूर कर लाखों रामभक्तों की मनोकामना को पूरा करेंगे। म.म.स्वामी कपिल मुनि, बाबा हठयोगी व महंत रोहित गिरी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड संतों की तपस्थली है। राज्य में पांचों सीटों पर भाजपा की जीत होना संतों के आशीर्वाद का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को राममंदिर निर्माण का वादा अब पूरा करना चाहिए। भारत की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने में केंद्र सरकार को भी अपना योगदान देना चाहिए। संतों की मानमर्यादाओं को ध्यान में रखकर मठ मंदिरों व आश्रमों का जीर्णोद्धार किया जाना चाहिए। सिद्धपीठ स्थलों के सौन्दर्यकरण के साथ 2021 के महाकुंभ मेले को सरकार को भव्य रूप से संपन्न कराना चाहिए। महंत रोहित गिरी, महंत रविन्द्र पुरी, स्वामी ऋषि रामकृष्ण, स्वामी जगदीशानंद, स्वामी चिदविलासानंद, म.म.स्वामी प्रबोधानंद गिरी, महंत मोहन सिंह, महंत प्रेमसिंह, स्वामी जगदीशदास, महंत श्याम प्रकाश, श्रीमहंत विनोद गिरी, स्वामी आलोक गिरी, स्वामी ललितानंद गिरी, स्वामी आशुतोष पुरी, स्वामी अमित पुरी, महंत विनोद महाराज, स्वामी शिवानंद भारती, महंत शिवशंकर गिरी, स्वामी रघुवन, स्वामी रामवन, श्रीमहंत लखन गिरी, श्रीमहंत डोगर गिरी आदि सहित सभी संतों ने भाजपा की प्रचण्ड जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए हर्ष जताया।