नागरिक सुरक्षा वार्डन हर हाल में अपनी सेवाएं देने को तैयारः एसके साहू
देहरादून, 01 सितम्बर, सिविल डिफेंस के डिप्टी कन्ट्रोलर एसके साहू ने कहा कि नागरिक सुरक्षा वार्डन युद्धकाल हो या शांतिकाल अपनी सेवाएं देने को सदैव तैयार हैं। साहू गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कन्या गुरुकुल परिसर, देहरादून में सिविल डिफेंस पो.सं.-03 उत्तर प्रभाग के संयोजन में 150 छात्राओं सहित प्रोफेसरों, प्रशासनिक अधिकारियों व वार्डनों के चार दिवसीय विशेष आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर आयोजित प्रमाणपत्र वितरण एवं सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शिविर में रेडक्रास सोसायटी, अग्निशमन सेवा तथा सिविल डिफेंस द्वारा आपदा प्रबंधन में प्रशिक्षित युवा किसी भी आपदा में प्रशासन का सहयोग करने हेतु अपनी सेवाएं देने को सदैव तत्पर रहेंगे।
सिविल डिफेंस के डिप्टी कन्ट्रोलर एसके साहू ने मुख्य प्रशिक्षक जिला रेडक्रॉस सोसायटी के रक्तदाता शिरोमणि डॉ. अनिल वर्मा को निःशुल्क उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए ना.सु.सं. सर्टिफिकेट ऑफ एप्रीसिएशन तथा 155 बार रक्तदान करने के लिए ’सिविल डिफेंस रक्तदाता सम्मान-2025 से विभूषित किया।
इस मौके पर विवि समन्वयक प्रोफेसर हेमन पाठक, प्रोफेसर अर्चना डिमरी ने भी डॉ. वर्मा को नवाज़ा।
इस अवसर पर सेक्टर वार्डन सुनीता भट्ट, सुमन सिंह, नीलम वर्मा, गीता शर्मा, अनीषा पंत, शिवानी राणा, प्रेरणा सिंह, पोस्ट वार्डन विपिन चाचरा, डॉ. निपुर सिंह, डॉ. हेमलता अय्यर, डॉ. रेनू शुक्ला, डॉ. नीना गुप्ता, वार्डन महेश गुप्ता, कमल शर्मा, मेहराज मोहन, ममता नागर, तनवीर सिंह, मनोज कुमार व शिव सिंह आदि मौजूद रहे।
