विकासनगर, जजरेड की तर्ज पर साहिया-क्वानू मार्ग भी नया भूस्खलन जोन ने खतरा बढ़ा दिया है। इससे मार्ग बार-बार बंद हो रहा है और लोग खतरे के बीच यहां सड़क को पार कर रहे हैं। यहां पिछले पांच दिन से लगातार भूस्खलन होने से पहाड़ी से मलबा आ रहा है।
बिना बारिश हो रहे भूस्खलन की वजह से साहिया-क्वानू मार्ग पर चौबीसों घंटे लगातार मलबा आ रहा है। इससे मार्ग लगातार बंद हो रहा है। साहिया क्वानू मोटर मार्ग से तीस से अधिक गांव सीधे तौर जुड़े हैं। इन गांवों के लोगों की आवाजाही इस मार्ग से ही होती है। बार-बार सड़क बंद होने से नराया, बोआ, चंदऊ, सुरेऊ, सलगा, जिसऊ, कोटा तारली, गबेला, दसेऊ, हाजा, गमरी, कोथी, अस्टाड गांव के लोगों से सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। क्योंकि इन गांवों के लोगों को रोजमर्रा की जरुरतों के सामान की खरीददारी करने साहिया आना होता है।

इसके अलावा तहसील मुख्यालय कालसी और विकासनगर आने के लिए भी यही सड़क है।लगातार भूस्खलन से बंद हो रहे मार्ग के कारण लोग परेशान हैं। बुधवार को पांचवें दिन भी मार्ग बंद रहने के कारण लोग यहां आठ घंटे तक फंसे रहे। लोनिवि की जेसीबी से दोपहर बारह बजे मलबा हटाया, तो जाकर आवागमन शुरु हो पाया है। लोनिवि साहिया के अधिशासी अभियंता लोनिवि डीपी सिंह का कहना है कि मार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन के मद्देनजर मार्ग को खोलने के लिए जेसीबी को मौके पर ही रखा गया है। ताकि जब भी मार्ग बंद हो उसे समय पर खोला जा सके।