भर्ती घोटाले व बेरोजगारों पर लाठीचार्ज के खिलाफ प्रदर्शन व सीबीआई जांच की मांग पर अड़ा विपक्ष

देहरादून,16 फरवरी : कांग्रेस ने बेरोजगारों पर हुए लाठीचार्ज और भर्ती परीक्षा घोटालों की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर सख्त रुख अख्तियार किया हुआ है। आज आंदोलन के सातवें दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कांग्रेस के विभिन्न विभागाध्यक्षों, प्रकोष्ठों एंव अनुषागिक संगठनों द्वारा सचिवालय कूच कर गिरफ्तारियां दी और सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया

उत्तराखंड कांग्रेस के विभिन्न विभागों, प्रकोष्ठों और अनुषांगिक संगठनों ने करन माहरा के नेतृत्व में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय से पैदल मार्च निकालते हुए सचिवालय घेराव करने के लिए कूच किया, लेकिन पुलिस ने सचिवालय से पहले बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।


  कांग्रेस नेताओं को रोके जाने से नाराज प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला और कांग्रेस नेता वीरेंद्र पोखरियाल बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। साथ ही सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे। कुछ देर बाद पुलिस ने कांग्रेसजनों को हिरासत में ले लिया और पुलिस लाइन भेज दिया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने सरकार को तानाशाह बताते हुए जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा शांतिपूर्वक तरीके से आंदोलन कर रहे युवा बेरोजगारों पर सरकार ने मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल में डाल दिया था, लेकिन जब अधिवक्ता उन बेरोजगारों की पैरवी कर रहे थे, तब सरकारी वकील कोशिश कर रहे थे कि उन बेरोजगारों के ऊपर धारा 307 लग जाए। यह अपने आप में दर्शाता है कि सरकार अपने दमनकारी रवैया को नहीं छोड़ रही है।
माहरा ने कहा युवाओं की सिर्फ इतनी सी मांग है कि भर्तियों में पारदर्शिता बरती जाए। ताकि परीक्षाओं के लिए दिन रात कड़ी मेहनत कर रहे। बेरोजगारों की जगह घूसखोर लोग नौकरी ना हासिल कर लें, आज राज्य लोक सेवा आयोग के गोपन विभाग में तैनात अनुभाग अधिकारी संजीव चतुर्वेदी गिरफ्तार हो चुका है, उसके बावजूद सरकार हठधर्मिता अपनाए हुए पीसीएस मेंस का एग्जाम कराने की जल्दबाजी कर रही है। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर कांग्रेस सड़कों पर उतर कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है।

कांग्रेस ने कहा हाथ से हाथ जोड़ अभियान संपूर्ण भारत में चल रहा है। इसके तहत कांग्रेसजन गांवों और बूथों में जाकर बेरोजगारों की मांगों को भी जनता के समक्ष रखेंगे। ताकि उन्हें यह पता चल सके कि उनके बच्चों के संग भाजपा सरकार कितना गलत आचरण कर रही है ? उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च न्यायालय के सिटिंग जज के नेतृत्व में सीबीआई से जांच कराने की मांग की।

धारा 144 का उल्लंघन करने पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित 100 पर मुकदमा
धारा 144 का उल्लंघन करने पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित 100 लोगों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत दिवस बेरोजगार युवकों पर लाठीचार्ज के विरोध में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में सचिवालय कूच किया था जिनको आयकर तिराहे पर पुलिस द्वारा रोक दिया गया था। डालनवाला कोतवाल नन्द किशोर भटट के द्वारा महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित 100 लोगों के खिलाफ धारा 144 का उल्लंघन करने का मुकदमा दर्ज करा दिया है।

यह भी पड़ें ……. मुद्दा जो बन रहा है जन आंदोलन

गलत को गलत कहने के लिए उठी आवाज को अगर यूं दबा दिया तो फिर बोलेगा कौन ?