हल्द्वानी, 29 अगस्त : रानीबाग चित्रशिला घाट में दाह संस्कार को लाए गए 3 शव अचानक उफनाई गौला में बह गए। काफी ढूंढ़ने के बाद भी बरामद नहीं किये जा सके।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम हल्द्वानी के आसपास क्षेत्रों से 3 शव दाह संस्कार को रानीबाग चित्रशिला घाट लाए गए। सभी क्रियाकर्म के बाद दो शवों को चिता पर रखा गया, जबकि एक को चिता पर रखने की तैयारी चल रही थी। इतने में ही गौला में जलस्तर बढ़ गया और नदी का पानी अपने साथ 2 अधजले शवों व एक चिता पर दाह संस्कार को रखे शव को बहा ले गया।
वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। उन्होंने इसकी सूचना काठगोदाम थाना पुलिस और प्रशासन को दी। एसओ प्रमोद पाठक दल बल के साथ मौके पर पहुंचे, नदी में शवों को खोजा गया लेकिन सफलता नहीं मिली। एसओ ने बताया बारिश के चलते अभियान में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने बताया कि नदी के आसपास अलर्ट घोषित  किया गया है।  इससे पहले दोपहर करीब 1 बजे बाद मौसम का मिजाज बदलने लगा। शाम घने बादलों की दस्तक हुई और शाम 5 बजे तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई।