उत्तराखंड में पांचों लोकसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवार जीते, कांग्रेस का सूपड़ा साफ
देहरादून, उत्तराखंड में लोकसभा चुनावों में पांचों सीटों पर लगातार दूसरी बार कमल खिल गया है, जबकि कांग्रेस को मायूसी हाथ लगी है। मतगणना के अंतिम दौर में पहुंचने के साथ यही तस्वीर सामने आ रही है। पांचों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने अजेय बढ़त हासिल कर ली है और अब सिर्फ औपचारिकता बाकी है। इसके साथ ही राज्य में लोकसभा चुनाव में लगातार दूसरी मर्तबा कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है।
शाम सात बजे तक की तस्वीर के अनुसार हरिद्वार में पूर्व मुख्यमंत्री एवं मौजूदा सांसद भाजपा प्रत्याशी रमेश पोखरियाल निशंक ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अंबरीश कुमार पर दो लाख 50 हजार से अधिक मतों से बढ़त बनाए हुए हैं। नैनीताल सीट पर भाजपा प्रत्याशी प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर तीन लाख से अधिक की बढ़त बना ली थी।
अल्मोड़ा में भी केंद्रीय राज्यमंत्री भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राज्यसभा सदस्य कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा पर अजेय बढ़त बना चुके हैं। टिहरी सीट पर मौजूदा सांसद भाजपा की माला राज्यलक्ष्मी शाह लगातार तीसरी जीत पक्की कर ली है। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ढाई लाख से ज्यादा वोटों से पीछे चल रहे हैं। पौड़ी सीट पर भाजपा प्रत्याशी राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत रिकार्ड जीत की तरफ बढ़ रहे हैं। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी मनीष खंडूड़ी अभी तक के मतों की गिनती में 2 लाख 85 हजार से ज्यादा वोटों से पिछड़ रहे थे। पौड़ी को छोड़ बाकी सीटों पर महागठबंधन के तौर पर उतरे बसपा प्रत्याशी फिलवक्त रेस में कहीं नजर नहीं आ रहे।
राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई तो धुकधुकी और तेज हो गई। मतगणना की शुरुआत से ही भाजपा प्रत्याशियों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त लेनी शुरू कर दी। मतगणना चक्र जैसे-जैसे आगे बढ़े, वैसे-वैसे भाजपा प्रत्याशियों की बढ़त में भी इजाफा होता चला गया। इसके साथ ही भाजपा प्रत्याशियों व उनके समर्थकों के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। शाम सात बजे तक की तस्वीर पर नजर दौड़ाएं तो भाजपा ने सभी पांचों सीटों पर अजेय बढ़त हासिल कर ली है। पौड़ी, टिहरी, नैनीताल सीटों पर भाजपा की बढ़त ढाई लाख से ज्यादा है, जबकि हरिद्वार और अल्मोड़ा में यह बढ़त दो लाख से अधिक थी। सभी सीटों पर जीत पक्की होने के बाद भाजपा जहां जश्न में डूब गई है, वहीं कांग्रेस खेमे में निराशा का आलम है।
उत्तराखंड में आपसी गुटबाजी ने डुबोई कांग्रेस की नाव
-लीडरशिप के अभाव में भी पार्टी नहीं बना पाई अपने पक्ष में माहौल
     उत्तराखण्ड में कांग्रेस की अंर्तकलह ने चुनाव में कांग्रेस को पूरी तरह से डूबाने का काम किया है। पूरे चुनाव में कांग्रेसी दिग्गज एक मंच पर कहीं नजर नहीं आए। आपसी कलह के चलते कांग्रेस की चुनावी तैयारियां भी बूरी तरह से प्रभावित हुई। ऊपर से 2017 के चुनाव में कई कांग्रेस दिग्गज भाजपा में शामिल हो गए थे। जिसके बाद से कांग्रेस में मास लीडर की कमी खल रही थी। जिसके चलते कांग्रेस चुनाव में अपने में माहोल तैयार करने में पूरी तरह से विफल साबित हुई। उत्तराखंड में 2014 का इतिहास दोहराया गया है. पिछली बार भी राज्य की पांचों सीटें बीजेपी के खाते में गई थीं। वैसे तो पूरे देश में 2014 की तरह ही इस बार भी मोदी लहर दिखाई दे रही है। लेकिन, कांग्रेस की ऐसी पराजय के पीछे कुछ दूसरी बड़ी वजहें भी हैं. उत्तराखण्ड जैसे छोटे राज्य में भी कांग्रेसी नेताओं के बीच पूरे टाइम अपनी डफली अपना राग देखने को मिला। हरीश रावत, प्रीतम सिंह इंदिरा हृदयेश एक-दो मौके पर ही साथ दिखे. बाकी सब अलग-अलग कांग्रेस को मजबूत करने का दावा करते रहे. इस अलग-अलग प्रयास का नतीजा ये हुआ कि पिछले चुनाव के मुताबले इस चुनाव में कांग्रेस ज्यादा बड़े अंतर से हार रही है. और तो और पार्टी के दो बड़े दिग्गज बुरी तरह परास्त हुए हैं। उत्तराखंड कांग्रेस के दो बड़े दिग्गज प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और हरीश रावत खुद चुनाव मैदान में थे। प्रीतम सिंह टिहरी से चुनाव हार गए हैं। 2014 की तुलना में कांग्रेस कैण्डिडेट की इस चुनाव में बड़ी हार हुई है। टिहरी से माला राज्यलक्ष्मी शाह 2014 में 1.92 वोटों से जीती थीं लेकिन इस बार तो जीत का अंतर 2 लाख पार कर गया है। ऐसा ही हाल हरीश रावत का नैनीताल सीट पर हुआ है। पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट लगभग ढाई लाख से वोटों से हरीश रावत को पटखनी देने में कामयाब रहे। सबसे बड़ी कहानी तो अल्मोड़ा सीट की है. यहां से राज्यसभा के सांसद प्रदीप टम्टा अब तक के सबसे बड़े अंतर से चुनाव हारे है। हरिद्वार और गढ़वाल की भी स्थिति कुछ ऐसी ही है। वैसे तो कांग्रेस 2017 के विधानसभा चुनाव में भी बुरी तरह हार गई थी लेकिन, ऐसा लग रहा था कि सत्ता विरोधी लहर और विपक्ष के संघर्ष के चलते उसे लोकसभा में थोड़ा फायदा होगा लेकिन, हुआ इसके उलट हुआ।
दरअसल कांग्रेस एक साथ कई राजनीतिक मोर्चों पर जूझ रही है। पहला तो यह कि उसकी पूरी लीडरशिप 2017 के चुनाव से पहले भाजपा में आ गई थी। इस वजह से जिले-जिले में उसका काडर भी ध्वस्त हो गया। जो नेता बचे भी वह भी अपनी-अपनी राह पर चलते रहे. पार्टी की हालत का अंदाजा लगाइये कि 2 साल पहले प्रीतम सिंह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए थे लेकिन, आपसी खींचतान के कारण आज तक वह अपनी टीम यानि प्रदेश की कार्यकारिणी तक नहीं बना सके.दूसरी तरफ हरीश रावत हमेशा ही पार्टी संगठन से अलग चलकर अपनी पहचान बनाने में जुटे रहे। इंदिरा हृदयेश कभी इधर, तो कभी उधर का रुख करती रहीं। हाल यह रहा कि जिस मुद्दे पर कांग्रेस प्रदेश की भाजपा सरकार को घेर सकती थी उन मुद्दों पर भी उसका संघर्ष तब देखने को मिला जब मीडिया में मामला पुराना पड़ गया। ले-देकर राफेल और गन्ने की कीमत के आंदोलन से कांग्रेस आगे नहीं बढ़ सकी और इनका उसे कोई फायदा मिला नहीं।