उत्तरकाशी,13 मई: शनिवार को दोपहर बाद उत्तरकाशी में मौसम बदल गया। यहां जिला मुख्यालय और गंगोत्री में हल्के बादल छा गए। जबकि यमुनोत्री धाम में ओलावृष्टि के साथ हल्की वर्षा हुई।
इन दिनों ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच रहा है। हालांकि, आज से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम के करवट बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें और ओलावृष्टि हो सकती है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिथौरागढ़ में तवाघाट-लिपुलेख मार्ग पर गर्बाधार के पास चट्टान तोड़ने के लिए किए गए बारूदी विस्फोट से भारी चट्टान गिर गई। जिससे लगभग आठ से दस मीटर सड़क ध्वस्त हो चुकी है। इस कारण व्यास घाटी के सात गांव सहित चीन सीमा का संपर्क भंग हो चुका है।
आदि कैलास और ओम पर्वत का भी संपर्क भंग है। उच्च हिमालय को गए वाहन फंस गए हैं। इस समय आदि कैलास यात्रा का तीसरा दल भी उच्च हिमालय में है। मार्ग के खुलने एक दो दिन का समय लगने की संभावना है। गुंजी आदि कैलास मार्ग अभी भी बंद है।