देहरादून, 28 जून: उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारीयों/आश्रितों की नियुक्तियों को लेकर उत्तराखंड संयुक्त मंच का धरना-प्रदर्शन/ कर्मिक अनशन 16वें दिन भी शहीद स्मारक, देहरादून में जारी रहा।
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त मंच के तत्वाधान में उत्तराखंड आंदोलनकारी /आश्रितों को सरकारी नौकरी में 10% क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान होने के बावजूद विगत दो वर्षों से नियुक्ति नहीं मिलने के कारण शहीद स्मारक में धरना प्रदर्शन / कार्मिक अनशन आज भारी बारिश के बीच जारी रहा। आज 16वें दिन क्रमिक अनशन में राम किशन और नवीन नैथानी बैठे।
संयुक्त मंच के संयोजक अम्बुज शर्मा ने बताया कि आंदोलनकारी परिषद के सभी पदाधिकारियों के माध्यम से सरकार से गुहार लगाई कि इस मामले का समाधान कर 13 वर्षों से नियुक्ति को भटक रहे राज्य आंदोलनकारी/आश्रितों को नियुक्ति देकर सरकार इस मामले का पटाक्षेप करे।
आज समर्थन देने वालों में राज्य आंदोलनकारी मंच केअध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी,मसूरी से बिल्लू वाल्मीकि, उत्तरकाशी से रामचंद्र नौटियाल, डॉ0सुनील कैंथुला, महेंद्र सिंह, हेमराज निजन, हरिओम ओम,सावित्री पवार, उत्तराखंड क्रांति दल की प्रमिला रावत,मनोरथ प्रसाद ध्यानी, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष, विनोद असवाल, शैलेश सेमवाल, प्रभात डंडरियाल, एडवोकेट अनुराधा मेंदोला आदि पहुंचे।
