शाम करीब 7:45 बजे पहुंचेंगे भाजपा कार्यालय
नरेंद्र नगर में चल रही क्षेत्रीय परिषद की बैठक
49वीं अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस में भी करेंगे प्रतिभाग

देहरादून, 7 अक्टूबर : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज उत्तराखंड दौरे पर हैं।अमित शाह की अध्यक्षता में नरेंद्र नगर के एक निजी होटल में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक चल रही है। इस बैठक के बाद अमित शाह देहरादून स्थित एफआरआई पहुंचेंगे। एफआरआई में आयोजित 49वीं अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस में अमित शाह शामिल होंगे। इस सम्मेलन के बाद अमित शाह भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुचेंगे। अमित शाह, देर शाम करीब 07ः45 बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे।भाजपा प्रदेश मुख्यालय में अमित शाह की अध्यक्षता में मीडिया एवं सोशल मीडिया विभाग की बैठक होनी है। इसको लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से भी भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। अमित शाह का बीजेपी प्रदेश मुख्यालय का दौरा, आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर काफी अहम माना जा रहा है। क्योंकि इस दौरे के दौरान अमित शाह मीडिया एवं सोशल मीडिया पदाधिकारियों को आगामी चुनाव के मद्देनजर तमाम जरूरी दिशा निर्देश देंगे।

अमित शाह लेंगे कई बैठक
 भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चैहान ने बताया कि अमित शाह की अध्यक्षता में प्रदेश की मीडिया और सोशल मीडिया के पदाधिकारी, सातों मोर्चों के मीडिया और सोशल मीडिया पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी की क्या क्या रणनीतियां रहेंगी, उस संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा। बैठक में बीजेपी के सभी प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश की मीडिया टीम, प्रवक्ता, संयोजक समेत अन्य नेता शामिल होंगे।

सोशल मीडिया सेल को एक्टिव करेंगे
 मीडिया और सोशल मीडिया की राजनीतिक क्षेत्र में एक बड़ी भूमिका है। ऐसे में अमित शाह से लोकसभा चुनाव या आगामी होने वाले अन्य चुनावों के संबंध में मार्गदर्शन और ऊर्जा मिलेगी। साथ ही कहा कि प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। क्योंकि जब प्रदेश में राष्ट्रीय नेताओं का प्रवास होता है, तो कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का संचार होता है। मनवीर ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आ रहे हैं, जोकि भाजपा नेताओं के लिए सौभाग्य की बात है।