कुमाऊं से भुवन कापड़ी, रंजीत रावत और तिलक राज बेहड़ तथा गढ़वाल से प्रोफेसर जीत राम को कार्यकारिणी अध्यक्ष बनाया

देहरादून। उत्तराखंड की नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश के निधन के बाद कांग्रेस में नेता प्रतिपक्ष बनाये जाने को लेकर स्थिति साफ नही हो पा रही थी आखिरकार जद्दोजहद के बाद उत्तराखंड कांग्रेस ने 2022 चुनाव के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। पंजाब के फार्मूले को उत्तराखंड में लागू करते हुए प्रदेश अध्यक्ष के साथ चार कार्यकारिणी अध्यक्ष बनाए गए हैं। कांग्रेस ने सभी धड़ों और खेमों को संतुष्ट करने का प्रयास किया है। पूर्व विधायक गणेश गोदियाल को उत्तराखंड कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है तथा उनके साथ कुमाऊं से भुवन कापड़ी, रंजीत रावत और तिलक राज बेहड़ तथा गढ़वाल से प्रोफेसर जीत राम को कार्यकारिणी अध्यक्ष बनाया है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख नियुक्त किया। वहीं, प्रीतम सिंह को विधायक दल का नेता भी नियुक्त किया।

प्रदेश की सत्ता में वापसी का ख्वाब देख रही कांग्रेस ने किसी एक खेमे को तरजीह देने के बजाय सबको साथ लेने और खुश करने की कोशिश की है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय कांग्रेस समन्वय समिति की कमान सौंपी गई। आर्येंद्र शर्मा को उत्तराखंड कांग्रेस का कोषाध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप टम्टा को चुनाव प्रचार समिति का उपाध्यक्ष और दिनेश अग्रवाल को इसका संयोजक बनाया गया है।

कांग्रेस के उत्तराखंड प्रभारी देवेंद्र यादव की अगुवाई में कोर कमेटी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के नेतृत्व में समन्वय समिति, पूर्व मंत्री नवप्रभात की अगुवाई में घोषणापत्र समिति, प्रकाश जोशी की अध्यक्षता में चुनाव प्रबंधन समिति, सुमित हृद्येश की अध्यक्षता में प्रचार समिति और कुछ अन्य समितियां गठित की गई हैं।