महंगाई के खिलाफ कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

देहरादून, डोईवाला में सैंकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बढ़ते पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर के दाम को लेकर प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही बढ़ती महंगाई को लेकर उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिस तरह से पेट्रोल-डीजल और खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ रही हैं, उससे आम जनता का जीना मुहाल होता जा रहा है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गौरव चैधरी का कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार महंगाई को रोकने में नाकाम साबित हुई है। पेट्रोल-डीजल और खाद्य पदार्थों की कीमतें रोजाना आसमान छू रही हैं। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है। अगर यही हाल रहा तो गरीबों को परिवार पालना मुश्किल हो जाएगा। गरीब व्यक्ति आज की तारीख में गैस सिलेंडर नहीं खरीद पा रहा है। इसी को लेकर कांग्रेस पार्टी केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरने को मजबूर है। वहीं, महंगाई के खिलाफ कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने साइकिल रैली निकाल कर प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर नारेबाजी की। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार से महंगाई पर जल्द अंकुश लगाने की मांग की।

कोटद्वार, कोरोना महामारी के बाद आम जनता को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है। जिला कांग्रेस कमेटी ने पेट्रोल और डीजल के साथ-साथ सिलेंडर के बढ़ते दामों को लेकर राज्य व केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नारेबाजी के बाद केंद्र और राज्य सरकार का पुतला दहन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि डीजल-पेट्रोल व रसोई गैस के दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे दामों से आम जनता का बजट खराब होता जा रहा है, लेकिन सरकार चैन की नींद सो रही है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कोटद्वार के तहसील चैक में बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि लगातार पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़ते जा रहे हैं और अब रसोई गैस के दाम भी दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं. ऐसे में आम जनता को कोरोना के बाद दोहरी मार पड़ रही है। एक ओर महंगाई आसमान छू रही है तो वहीं अब पेट्रोल और गैस के दाम भी आसमान छूने लगे हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्र मोहन खर्कवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार महंगाई बढ़ती जा रही है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस व घरेलू सामान, खाद्य सामग्री के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। यह सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। यह सरकार हर गरीब पर हावी होती जा रही है। वर्ष 2014 में जब इन्हें आम जनता ने समर्थन दिया था तो इन्होंने गरीबी हटाने की बात कही थी। नव युवकों को रोजगार देने की बात कही थी. काला धन वापस लाने की बात कही थी, लेकिन आज जनता को सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया है। गरीब लगातार असहाय होता जा रहा है। वह रोजी-रोटी के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है।

 

मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सैकड़ों महिलाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली